नर्मदापुरम में पिपरिया जा रही यात्री बस पलटी, 20 घायल:स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा; जेसीबी से सीधा किया वाहन

नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर सोमवार सुबह 11 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सोहागपुर में लांघा के पास हुआ। हादसे में बस ड्राइवर समेत 20 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना का कारण बस का स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर ले जाया गया, जहां से ड्राइवर और एक यात्री को नर्मदापुरम रेफर किया गया है। मोड़ पर बिगड़ा संतुलन जानकारी के अनुसार, कटिहार ट्रेवल्स की बस नर्मदापुरम से पिपरिया जा रही थी। लांघा के पास एक मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई। बस एक तरफ आड़ी हो जाने से ड्राइवर और यात्री अंदर ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत रुककर मदद की और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। कांच फोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि बस की स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ है। अधिकारी मौके पर पहुंचे हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी संजू चौहान और सोहागपुर थाना प्रभारी ऊषा मरावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर पहुंचाया। एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं है। प्राथमिक उपचार के बाद ड्राइवर और एक अन्य यात्री को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। JCB से सीधी कराई बस घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने यातायात बहाल करने का काम शुरू किया। पलटी हुई बस को सीधा करने के लिए मौके पर जेसीबी बुलवाई गई। जेसीबी की मदद से बस को खड़ा किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *