शासकीय प्रधानमंत्री एक्सीलेंस पीजी कॉलेज में सोमवार सुबह 9 बजे सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एंदल सिंह कंसाना मुख्य रूप से शामिल हुए। उनके साथ सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा, भाजपा नेता प्रशांत ढेंगुला, धीरू दांगी और बृजेश यादव भी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री कंसाना ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पंक्तिबद्ध होकर सामूहिक सूर्य नमस्कार किया। आयोजन को अनुशासन और सहभागिता का उदाहरण बताया गया। सूर्य नमस्कार के बाद हुई प्रेस वार्ता कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने प्रेस वार्ता की। इसमें उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को बंद कर नई योजना VG G RAM G योजना शुरू किए जाने की बात कही। मंत्री ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाना और विकास को गति देना है। पत्रकारों के सवालों पर नहीं दिए जवाब प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने योजना के क्रियान्वयन, मनरेगा बंद होने से मजदूरों पर पड़ने वाले असर और योजना की स्पष्ट रूपरेखा को लेकर सवाल पूछे। हालांकि इन सवालों पर प्रभारी मंत्री ने सीधे जवाब देने के बजाय सामान्य बातें कही।


