मंदसौर में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान की शुरुआत:पंचायत वार्ड स्तर पर 106 योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

मन्दसौर कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान की शुरुआत की घोषणा की गई। यह अभियान जिले में आज (12 जनवरी) से प्रारंभ हो गया है, जिसके तहत पंचायत एवं वार्ड स्तर पर 106 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। कलेक्टर अदिति गर्ग ने बताया कि अभियान का पहला चरण 12 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा और तीसरा चरण 16 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक संचालित होगा। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि पंचायत-वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें। प्राप्त आवेदनों का यथासंभव तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। पेयजल स्रोतों की नियमित सफाई के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और संबंधित अधिकारियों को पेयजल स्रोतों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। इसमें पानी की टंकियां, निजी टंकियां, पाइपलाइन, ड्रेनेज सिस्टम और अन्य जल स्रोत शामिल हैं। उन्होंने क्लोरीनेशन का दैनिक शेड्यूल तैयार करने तथा स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों के जल स्रोतों की चरणबद्ध जांच कर नियमित अंतराल पर पेयजल की सफाई और जल परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। शिक्षा विभाग को आगामी परीक्षाओं के मद्देनजर मॉक टेस्ट का शेड्यूल तैयार कर जारी करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को संजीवनी क्लिनिक का तत्काल हैंडओवर लेकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जानकारी दी कि इस वर्ष जिले में पहली बार फ्रंटलाइन वर्कर भी मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगे। इनमें शिक्षक, कोटवार, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी और सफाई कर्मी जैसे जमीनी स्तर पर सेवा देने वाले सभी कर्मचारी शामिल होंगे। इन कर्मियों को मार्च पास्ट के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संबंध में 24 जनवरी को सुबह 9:00 बजे फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इस दौरान अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *