देवास में 48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा:पत्नी ने प्रेमी संग रची हत्या की साजिश, हादसा दिखाने की थी कोशिश

देवास पुलिस ने सोमवार को महज 48 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल का खुलासा किया है। मामले में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने सच्चाई सामने ला दी। यह घटना 8 और 9 जनवरी की दरमियानी रात की है। उज्जैन-देवास बायपास रोड पर नौशराबाद पशु हाट के पास एक व्यक्ति का शव सड़क पर पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान देवास निवासी 42 वर्षीय राकेश मालवीय के रूप में हुई। शुरुआत में मामले को सड़क दुर्घटना दर्शाने का प्रयास किया गया। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो गया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी। पत्नी की ऑफिस में कर्मचारी से दोस्ती थी
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का अपने ही कार्यालय में कार्यरत युवक देवेंद्र यादव (पिता हटेसिंह यादव) से प्रेम प्रसंग था। पति को रास्ते से हटाने और बीमा क्लेम प्राप्त करने के उद्देश्य से पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। योजना के अनुसार, मृतक की पत्नी ने पहले पति को नींद की गोलियां खिलाईं। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर धारदार ब्लेड से उसका गला का टकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए खून से सने कपड़े धोए गए। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मृतक की बाइक के साथ उज्जैन-देवास बायपास पर फेंक दिया। उन्होंने बाइक में तोड़फोड़ कर घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। पूछताछ में पूरी साजिश स्वीकार कर ली
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पूरी साजिश स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी, देवेंद्र यादव (पिता हटेसिंह यादव) और उसके दो अन्य साथी शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *