उज्जैन में मकर संक्रांति पर बुधवार को बड़ी संख्या में लोग पतंगबाजी करेंगे। इससे पहले पुलिस ने पतंग की दुकानों पर सर्चिंग अभियान चलाया है। चाइनीज मांझा का उपयोग ना करने के लिए अनाउंसमेंट भी कराया है। साथ ही बच्चों को जानलेवा मांझे से दूर रहने के लिए शपथ दिलवाई। चाइना मांझे से लगातार लोगों के घायल होने की घटना के बाद पुलिस कार्रवाई कर रही है। प्रतिबंधित चाइना डोर का उपयोग करने वालों पर दूरबीन ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने तोपखाना की दुकानों पर की सर्चिंग
मकर संक्रांति पर होने वाली पतंगबाजी को देखते हुए महाकाल थाना पुलिस ने तोपखाना स्थित कई दुकानों पर सर्चिंग की। इस दौरान पुलिस बल ने दुकानों पर पहुंचकर मांझे को हाथ से तोड़कर देखा। दुकानदार को समझाइश दी और क्षेत्र में मौजूद बच्चों को चाइनीज मांझा उपयोग नहीं करने की शपथ भी दिलवाई। टीआई गगन बादल ने बताया कि चाइना डोर को लेकर लगातार समझाइश दे रहे हैं। प्रतिबंधित चाइना डोर के क्रय-विक्रय और उपयोग में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। लगातार चेकिंग भी कर रहे हैं।


