सारंगपुर जाते युवकों की बाइक पिकअप से टकराई:एक की मौके पर मौत, दूसरे के दोनों पैर टूटे

राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र के पोलखेड़ा गांव से सारंगपुर रोजगार मेले में जा रहे बाइक सवार युवकों को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की बाइक के टायर के कई टुकड़े हो गए। हादसे में 20 वर्षीय जितेंद्र माली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घनश्याम माली गंभीर रूप से घायल हो गया। दरअसल, माचलपुर क्षेत्र के पोलखेड़ा गांव निवासी जितेंद्र माली (20) और घनश्याम माली (20) सोमवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सारंगपुर में आयोजित रोजगार मेले में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे सारंगपुर पहुंचने से पहले श्री महाराणा ढाबे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र माली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घनश्याम माली के दोनों पैर टूट गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल घनश्याम को पहले सारंगपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे शाजापुर रेफर किया गया। शाजापुर में भी डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक बताते हुए इंदौर रेफर करने की सलाह दी है। इधर, जितेंद्र माली के शव का सोमवार दोपहर करीब 4 बजे सारंगपुर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पिकअप वाहन की तलाश शुरू कर दी है। रोजगार की उम्मीद लेकर निकले युवक की मौत से गांव पोलखेड़ा में शोक का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *