हजारीबाग पुलिस ने सूरज राणा हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। लोहसिंघना थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी चौक पर हुए इस हत्याकांड में पुलिस ने आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस इसे एक बड़ी सफलता मान रही है। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया था एसपी अंजनी अंजन ने सोमवार को बताया कि यह घटना 1 जनवरी 2026 की रात को हुई थी। इंद्रपुरी चौक के पास डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में कुछ असामाजिक तत्वों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर सूरज कुमार राणा की हत्या कर दी थी। इस हमले में कुलदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज जारी है। मृतक की पत्नी काजल कुमारी के लिखित आवेदन पर लोहसिंघना थाना में कांड संख्या 01/26 दर्ज किया गया था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की गंभीर धाराओं के तहत पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
दिल्ली, नोएडा, रांची, रामगढ़ और चतरा में छापेमारी SIT ने मामले की गहनता से जांच करते हुए दिल्ली, नोएडा, रांची, रामगढ़ और चतरा सहित कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की। 10 जनवरी 2026 को नोएडा सेक्टर-126 से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनसे मिली जानकारी के आधार पर चार अन्य अभियुक्तों को बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव से पकड़ा गया। इसके बाद कोलवाडी से एक विधि-विवादित किशोर को भी निरुद्ध किया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में राहुल कुमार यादव, रोशन यादव, दीपक यादव उर्फ दीपक कुमार, सोनू कुमार उर्फ सोनू साह, राहुल कुमार उर्फ लोलो, अमन कुमार उर्फ रोहन और मुकेश कुमार यादव शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एक विधि-विवादित किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। हत्या में प्रयुक्त तलवार और बेसबॉल बैट भी बरामद पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा हुआ तलवार और बेसबॉल बैट भी बरामद किया है। एसपी ने बताया कि सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हजारीबाग पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


