गुमला जिले के सदर मुख्यालय से लगभग 21 किलोमीटर दूर स्थित भगवान हनुमान की जन्मस्थली आंजनधाम में सोमवार को भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यहां युवा दिवस के अवसर पर ‘एक शाम आंजनधाम महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत सहित झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ख्याति प्राप्त राष्ट्रीय भजन गायिका वर्षा कश्यप और गायक आदर्श मिश्रा की टीम ने भक्तिमय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। महोत्सव में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और सुंदरकांड का भी आयोजन किया गया। पूरे मंदिर प्रांगण को भव्य रूप से सजाया गया था। आयोजनकर्ता आचार्य दिवाकर पाठक की अगुवाई में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ संपन्न हुआ। सुबह से ही पूजा-पाठ का दौर जारी रहा और भव्य महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दूर-दराज से आए भक्तों ने भी भजन-कीर्तन में भाग लिया आचार्य दिवाकर पाठक ने बताया कि आंजनधाम को विश्व पटल पर स्थापित करने और इसे मान्यता दिलाने के उद्देश्य से एक टीम का गठन किया गया है, जो पिछले चार वर्षों से लगातार ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। दूर-दराज से आए भक्तों ने भी भजन-कीर्तन में भाग लिया। इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि भगवान हनुमान भक्ति और शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने संसद में गुमला को रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग उठाई थी और इस दौरान आंजनधाम की माता का भी जिक्र किया था। सांसद ने इस पवित्र स्थल के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी मान्यता है कि यहां आने वाले सभी भक्तों की मन्नतें पूरी होती हैं, और इसी विश्वास के साथ लोग यहां पहुंचते हैं।


