डीडवाना में राष्ट्र के वीर शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने लाडनूं तहसील में शहीद स्मारक निर्माण हेतु भूमि आवंटित कर पट्टा जारी किया है। यह स्वीकृति जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत द्वारा प्रदान की गई। इस शहीद स्मारक का निर्माण देश के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों के सम्मान और भावी पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जाएगा। स्मारक परिसर में शहीदों की गाथाओं का प्रदर्शन, श्रद्धांजलि स्थल और प्रेरणादायक वातावरण विकसित करने की योजना है। स्मारक स्थल पर भारतीय सेना का युद्धक टैंक स्थापित करने के लिए सेना मुख्यालय को आवेदन भेजा जा चुका है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बताया कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की धरोहर है और उनका सम्मान करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस परियोजना को समयबद्ध और उचित स्वरूप प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। भूमि आवंटन का पट्टा पुलिस अधीक्षक रिचा तोमर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजेंद्र सिंह जोधा और प्रभारी अधिकारी ईसीएचएस की उपस्थिति में जारी किया गया। इस निर्णय पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।


