सलूंबर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पंच गौरव कार्यक्रम के तहत सलूंबर जिले में पहली बार दो दिवसीय पंच गौरव महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार यह महोत्सव 17 व 18 जनवरी 2026 को रा.उ.मा.वि. सलूंबर एवं जयसमंद की पाल पर आयोजित होगा। इस आयोजन के जरिए जिले की विशिष्ट पहचान, संसाधनों और संस्कृति को आमजन के सामने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ.दिनेश राय सापेला ने बताया कि महोत्सव में सलूंबर के पांच गौरव स्तंभों वनस्पति(पलाश), पर्यटन स्थल (जयसमंद की पाल),खेल (कबड्डी),उत्पाद (क्वार्ट्ज)और उपज(मक्का) को प्रदर्शनी,प्रयोग और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जिले की आर्थिक,सांस्कृतिक और प्राकृतिक विशेषताओं को व्यापक पहचान दिलाना है। जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि 17 जनवरी को प्रातः 9 बजे से रा.उ.मा.वि. सलूंबर के खेल प्रांगण में रंगारंग खेल प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें पुरुष,महिलाएं,बच्चे और बुजुर्ग सभी भाग लेंगे। विजेताओं को मिलेंगे नकद इनाम व ट्रॉफी जिला सांख्यिकी अधिकारी शैलसिंह सौलंकी ने बताया कि सभी खेल प्रतियोगिताओं में विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। जयसमंद की पाल पर दिखेगी सलूंबर की असली पहचान 18 जनवरी को जयसमंद की पाल पर पंच गौरव से जुड़े प्रदर्शनों के माध्यम से पलाश,क्वार्ट्ज,मक्का और कबड्डी के साथ-साथ जिले की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। यह महोत्सव सलूंबर को राज्य स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


