डूंगरपुर के प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान माथुगामडा पाल में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान वीबी जी रामजी योजना और उसमें हुए संशोधनों के फायदे आमजन को बताए। मंत्री खराड़ी अपने दौरे पर माथुगामडा पाल पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले गांव के शीतला माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे वीबी जी रामजी योजना पर आयोजित जनसभा में शामिल हुए। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने बताया कि वीबी जी रामजी योजना, जिसका अर्थ ‘गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन’ है, पूर्व योजना में सुधार कर लाई गई है। इसका उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि आजीविका पर भी ध्यान केंद्रित करते हुए कौशल विकास करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत व्यक्ति कौशल विकास के माध्यम से कहीं भी आजीविका प्राप्त कर सकेगा, जिससे रोजगार कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहेगा। साथ ही, वीबी जी रामजी योजना ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी और पक्के कार्य भी करवाएगी, जिससे अतिरिक्त कार्य दिवसों के माध्यम से अधिक रोजगार मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने गोद भराई रस्म और अन्न प्राशन भी किया।


