अशोकनगर की जेबीएस कॉलोनी में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो जीप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 20 वर्षीय युवक मोनू केवट की मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुई। मृतक की पहचान हिरियन के पटरा निवासी रामभरोसा के बेटे मोनू केवट के रूप में हुई। मोनू विदिशा रोड स्थित पुराने एसपी ऑफिस के पीछे चल रहे क्रिकेट मैच को देखकर अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मोनू का भाई उसके पीछे आ रहा था, जिसने उसकी पहचान की। दुर्घटना के बाद जीप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो जीप को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।


