मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जिले के नगर पंचायत मुख्यालय गुंडरदेही में 233 करोड़ रुपए की लागत से 103 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर बालोद वासियों को बड़ी सौगात दी। इनमें 16,388.83 लाख रुपए के 61 कार्यों का भूमिपूजन और 6,982.45 लाख रुपए के 42 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गुंडरदेही में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए 1 करोड़ रुपए और हर वार्ड में विकास कार्यों के लिए 1-1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। साथ ही नगर में एसटीपी निर्माण का भरोसा भी दिलाया। स्वरोजगार और यातायात सुविधा को मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 1 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले व्यवसायिक परिसर से युवाओं को स्वरोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे। वहीं, सड़क और पुल निर्माण कार्यों से आम नागरिकों को यातायात में सुविधा मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी। महिलाओं, वनवासी और गरीबों के लिए योजनाओं का लाभ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को उच्चतम समर्थन मूल्य, चरण पादुका योजना की पुनः शुरुआत और वनोपज के मूल्य संवर्धन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं। सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन कर रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रभावी पुनर्वास नीति से प्रदेश में नक्सलवाद पर नियंत्रण पाया गया है। इससे बस्तर अंचल में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अल्पायु में ही अपने विचारों से भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उन्होंने बताया कि राज्य रजत जयंती वर्ष मना रहा है और रायपुर में डिजिटल आदिवासी संग्रहालय का निर्माण प्रधानमंत्री की सौगात है। तीन विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ इन विकास कार्यों का लाभ गुंडरदेही, डौंडीलोहारा और संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समावेशी विकास है, जिससे गांव, गरीब, किसान और आमजन को सीधा लाभ मिले। बस्तर नक्सल मुक्त की ओर- सांसद नाग सांसद भोजराज नाग ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल अब नक्सलवाद से मुक्त होकर शांति और समृद्धि की ओर अग्रसर है। वीबी जी राम जी योजना से ग्राम स्तर पर विकास को गति मिलेगी। सीएम को व्यापारियों ने लड्डुओं से तौला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्थानीय व्यापारियों ने लड्डुओं से तौलकर स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस दौरान कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले का विकास प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।


