जबलपुर के विजयनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की अवैध पार्किंग पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। जोन-14 अंतर्गत वार्ड नंबर 35 में बैंक के सामने बने रैंप को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण पाए जाने पर की गई। नगर निगम के सब इंजीनियर अभिषेक तिवारी ने बताया कि वार्ड क्रमांक 35 में विजय तोमर की बिल्डिंग में आईसीआईसीआई बैंक संचालित है। स्वीकृत नक्शे के अनुसार, यह भवन सड़क से 14 मीटर की दूरी पर होना चाहिए था। हालांकि, मौके पर बने रैंप की लंबाई 6 मीटर से अधिक पाई गई, जो नियमों का उल्लंघन है। जांच में यह भी सामने आया कि रैंप का निर्माण नाले के ऊपर अवैध रूप से किया गया था। नगर निगम अमले ने जेसीबी मशीन का उपयोग कर इस अवैध रैंप को तोड़ दिया और स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण पाए जाने पर संबंधित भवन स्वामी से कंपाउंडिंग शुल्क भी वसूला जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर नगर निगम की सख्ती का संदेश गया है।


