बैतूल में जिला प्रशासन ने शहर की सकरी गलियों में आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए पहल की है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को विभिन्न विभागों की एक संयुक्त टीम ने कोठी बाजार क्षेत्र और आसपास के वार्डों का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, क्योंकि लोग अतिक्रमण हटाने की आशंका जताने लगे। निरीक्षण दल में राजस्व, पुलिस, नगर पालिका, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए सकरी गलियों, ड्रेनेज, पानी की पाइपलाइन, बिजली के पोल और अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं को दर्ज किया। एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य शहर की उन व्यवस्थाओं को सुधारना है, जो आपातकालीन सेवाओं की पहुंच में बाधा डालती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अनावश्यक अतिक्रमण हटाने, गलियों को व्यवस्थित करने और अन्य आवश्यक सुधारों के लिए जल्द ही एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह संयुक्त निरीक्षण कलेक्टर द्वारा हाल ही में सीएमओ और अन्य अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के पालन में किया गया है। कलेक्टर ने अपने-अपने नगरीय क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए थे।


