सिलवानी: जुनिया पुल पर युवक का शव पानी में मिला:दोस्तों के साथ गया था युवक, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को जुनिया पुल के पास एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल सिलवानी लाया गया, जहां शव मर्चुरी रूम में रखा गया है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा। मृतक की पहचान नगर के वार्ड 2 निवासी हिरदेश यादव (26 वर्ष) पुत्र प्रकाश यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरदेश अपने दोस्तों के साथ जुनिया पुल के पास पार्टी करने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई दीपेश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वह घटनास्थल पहुंचा, तो हिरदेश कम गहरे पानी में मुंह के बल डूबा हुआ मिला, जबकि उसे गहरे पानी में तैरना आता था। घटनास्थल पर चार डिस्पोजल और चार प्लेटें भी मिली हैं। पुलिस ने हिरदेश के एक साथी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस संबंध में एसडीओपी अनिल सिंह मौर्य ने बताया कि युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *