कांकेर जिले के चारामा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे 30 को जाम कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन आदिवासी नेता जीवन ठाकुर और उनके बेटे नीरज ठाकुर की मौत के मामले में न्यायिक जांच की मांग को लेकर किया गया। चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कोरर चौक पर शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक सड़क जाम रही। यह चौक भानुप्रतापपुर और जगदलपुर को रायपुर से जोड़ता है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। ग्राम जैसाकर्रा से लेकर मचादूर नाका तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। लगभग डेढ़ घंटे के चक्काजाम के बाद, जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर कांग्रेसियों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद मार्ग बहाल होने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। कांग्रेस ने इस दौरान न्यायिक जांच की मांग को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा। पिता के बाद बेटे की मौत, कांग्रेस ने की जांच की मांग जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बसंत यादव ने बताया कि पहले आदिवासी नेता जीवन ठाकुर की मौत हुई थी, जिसकी न्यायिक जांच की मांग लगातार की जा रही है। इसी बीच, उनके 25-26 वर्षीय अविवाहित बेटे नीरज ठाकुर की भी तबीयत खराब होने के बाद मौत हो गई। दोनों पिता-पुत्र जेल में थे, और उनकी मौतें जांच का विषय हैं। यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार इस मामले में न्यायिक जांच की मांग कर रही है। उन्होंने पहले भी जिला मजिस्ट्रेट या हाईकोर्ट के मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में एक समिति बनाने की मांग की थी। आदिवासी समाज ने जीवन ठाकुर की मौत के 7 दिनों के भीतर जांच पूरी करने की बात कही थी, जो पूरी नहीं हो पाई। कांग्रेस का आरोप है कि क्षेत्र में जनजाति भाइयों के साथ अत्याचार हो रहा है, जिसके विरोध में आज यह एक दिवसीय धरना और चक्काजाम किया गया। पार्टी महामहिम राष्ट्रपति के नाम भी ज्ञापन सौंपेगी।


