भाजपा युवा मोर्चा ने स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया:स्वामी विवेकानंद जयंती पर विकसित भारत का संदेश

कोंडागांव में 12 जनवरी को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने स्वामी विवेकानंद जयंती (युवा दिवस) के अवसर पर ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में विधायक एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी और नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह दौड़ एनसीसी ग्राउंड से शुरू होकर रेस्ट हाउस, मेन रोड, राम मंदिर, मंडी रोड और संत सेवालाल चौक होते हुए वापस एनसीसी ग्राउंड पर समाप्त हुई। दौड़ प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में प्रदीप कुमार ने प्रथम, संजय कोर्राम ने द्वितीय और मनजीत मरकाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में पार्वती नेताम प्रथम, जामेश्वरी कोर्राम द्वितीय और अमृता कोर्राम तृतीय रहीं। विधायक लता उसेंडी ने पुरुष एवं महिला वर्ग के अन्य 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए। विधायक लता उसेंडी ने स्वदेशी का संकल्प दिलाया विधायक लता उसेंडी ने स्वदेशी का संकल्प दिलाते हुए अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उन्होंने हर घर में स्वदेशी सामान का अधिक से अधिक उपयोग करने पर जोर दिया, ताकि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ सके। नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने युवा पीढ़ी से पढ़ाई के साथ-साथ क्षेत्र की पारंपरिक शिल्पकला के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने और विश्व पटल पर कोंडागांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया। भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने खेलकूद, व्यायाम और स्वदेशी का संदेश दिया भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और व्यायाम भी करते रहना चाहिए, जिससे मानसिक और शारीरिक दोनों तरह का विकास हो। उन्होंने स्वदेशी सामान के इस्तेमाल और विदेशी उत्पादों से दूरी बनाने की भी अपील की। शहर मंडल महामंत्री शीतल पटेल ने सभी प्रतिभागियों और आम जनता से अधिक से अधिक स्वदेशी सामान अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *