2027 से पहले कांग्रेस का मई में शक्ति प्रदर्शन:रमाबाई अम्बेडकर मैदान में होगी बड़ी जनसभा, राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर राहुल–प्रियंका होंगी शामिल

कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की राजधानी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। मई में संभावित ये शक्ति प्रदर्शन रमाबाई अम्बेडकर मैदान में होगा। इसमें प्रदेश के कोने–कोने से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेेंगे। इसमें कांग्रेस का पूरा शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से लेकर राहुल–प्रियंका गांधी सहित अन्य नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि इस शक्ति प्रदर्शन से पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव का आगाज करेगी। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर यूपी कांग्रेस 2026 के अपने राजनीतिक कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। आराधना मिश्रा मोना कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया से मुखातिब थीं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस वचनबद्ध है, जब कभी देश और प्रदेश की जनता के संविधानिक अधिकारों पर हमला होगा, गरीबों के अधिकारों का हनन होगा, कांग्रेस पार्टी आवाज बनकर सदन में लड़ेगी और सड़क पर संघर्ष करेगी। उन्होंने साल भर होने वाले 7 प्रमुख कार्यक्रम की जानकारी दी। 1. संविधान संवाद महापंचायत : हमारे नेता राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से भाजपा सरकार के संविधान बदलने के कुत्सित प्रयासों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। अगले 100 दिनों में कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश भर में 30 से ज्यादा संविधान संवाद महापंचायतों के माध्यम से योगी सरकार की असफलताओं जनता के समक्ष उजागर करेगी। इसकी शुरुआत 24 जनवरी को सीतापुर से होगी। इसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ होते हुए पूरे प्रदेश में बड़ी महापंचायतों का आयोजन करेंगे। 2. मनरेगा बचाओ संग्राम : कांग्रेस की यूपीए-1 सरकार ने 2 फरवरी 2006 को ग्रामीण भारत के लिए एक ऐतिहासिक नरेगा अधिनियम को लागू किया था। ग्राम पंचायतों को कार्ययोजना का पूरा अधिकार दिया गया था। अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंदी और कोविड में मनरेगा योजना संजीवनी के रूप में ग्रामीण भारत के लिए काम आई। भाजपा ने इस गारंटी रोजगार की योजना को समाप्त कर एक आजीविका स्कीम लेकर आई है। कांग्रेस पार्टी का संकल्प है उसकी सरकार बनने पर मनरेगा योजना फिर से लाएंगे। मनरेगा मजदूर की न्यूनतम मजदूरी 400 रुपए करेंगे। 3. एस.आई.आर : कांग्रेस ने प्रदेश में एसआईआर की निगरानी के लिए सांसदों, पूर्व सांसद एवं विधायकों, पूर्व विधायकों की मॉनिटरिंग कमेटी गठित की है। कमेटी एक माह के अंदर प्रदेश भर में जायज मतदाताओं के काटे गए नाम, छूटे हुए मतदाताओं के तथा नए मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। मोना ने कहा कि यूपी में 2.88 करोड़ नाम काटे गए। 2.17 ऐसे मतदाता हैं, जो जिसे मिसिंग की कटेगरी में डाला गया है। लाखों की संख्या में लोग गायब हैं और प्रदेश सरकार चुप है। उसके पास कोई जवाब नहीं है। पार्टी ने एसआईआर की मॉनिटरिंग के लिए बूथ स्तरों पर 1600 एसआईआर कोआर्डिनेटरों की नियुक्ति कर दी है। 4. पंचायत चुनाव 2026 : पार्टी संगठन सृजन अभियान के 9 महीने में पार्टी ने 9 हजार मंडल का गठन कर दिया है। साथ ही 1.50 लाख बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। किसी भी राजनीतिक दल के लिए दो ही लक्ष्य होते हैं चुनाव लड़ना और चुनाव जीतना। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती जरूरी है। पार्टी ने प्रदेश की जनता की आवाज को गांवों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन सृजन अभियान चला रही है। संगठन की मदद से हम अकेले पंचायत चुनाव के रण में उतर रहे हैं। 5. सेवा और बलिदान के 140 वर्ष : 28 दिसंबर 2025 को कांग्रेस स्थापना के गौरवशाली 140 वर्ष हुए। 140 वर्ष की यह यात्रा सेवा, समर्पण, त्याग और बलिदान से भरी हुई है। इस पूरे वर्ष को कांग्रेस सेवा एवं बलिदान के 140 वर्ष के रूप में मनाएगी। कांग्रेस 28 दिसंबर 2026 तक सभी मंडल मुख्यालयों एवं प्रमुख शहरों जैसे आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, मेरठ, कानपुर, लखनऊ, देवीपाटन, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, इलाहाबाद, आजमगढ़, चित्रकूट, झाँसी, बस्ती, अयोध्या, गाजियाबाद एवं जनपद मुजफ्फरनगर में कार्यक्रम आयोजित किए जाऐंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्य रूप से पिछले 140 वर्ष में हुए महत्वपूर्ण कांग्रेस अधिवेशनों की फोटो प्रदर्शनी एवं गोष्ठी आयोजित की जाएगी। 6. एमएलसी चुनाव 2026 : नवंबर 2026 में होने वाले स्नातक/शिक्षक विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती के साथ अकेले चुनावी रण में उतरेगी। पार्टी ने स्नातक चुनाव के लिए 80 हजार और शिक्षक चुनाव के लिए 32 हजार मतदाता बना चुकी है। 6 सीटों पर पार्टी द्वारा कोआर्डिनेटरों की घोषणा की जा चुकी है। 7. रमाबाई अम्बेडकर मैदान में महारैली : पूरे प्रदेश में 24 जनवरी से 100 दिन के अंदर संविधान संवाद महापंचायत आयोजित करने के बाद राजधानी लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में एक महारैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेगा। इसी से विधानसभा 2027 के चुनाव का कांग्रेस आगाज भी करेगी। प्रियंका गांधी के जन्मदिन को केक काटकर मनाया कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने महासचिव प्रियंका गांधी का जन्मदिन एक–दूसरे को केक खिलाकर मनाया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ सीपी राय, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक इंदल रावत, विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ उमा शंकर पाण्डेय, अंशू अवस्थी, प्रियंका गुप्ता, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, ललन कुमार उपस्थित रहे। ओबीसी को आबादी के अनुपात में हक दिलाने, 6 प्रभारी यूपी में नियुक्त गांधी भवन प्रेक्षागृह, कैसरबाग में ओबीसी विभाग उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका गांधी का जन्मदिन ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा दिवस’ के रूप में मनाया। ओबीसी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि प्रियंका गांधी के सामाजिक न्याय के दिखाए रास्ते पर संगठन को मजबूत किया जाएगा। डॉ. अनिल जयहिंद (राष्ट्रीय ओबीसी विभाग अध्यक्ष) ने संबोधित ने कहा कि राहुल गांधी ओबीसी को आबादी के अनुपात में संवैधानिक संस्थाओं व संसाधनों में हिस्सेदारी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यूपी में 6 प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जो ओबीसी के हर मुद्दे पर जागरूकता फैलाएंगे और आंदोलन के लिए तैयार करेंगे। डॉ. अनिल जयहिंद ने 10 सूत्रीय कार्यक्रम की घोषणा की, जो साल भर चलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *