देवरिया में भूमि विवाद पर दो पक्षों में झड़प:लाठी-डंडों से हमला, घरों पर पथराव का वीडियो सामने आया

देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सिधवा गांव में रविवार शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों से हमला किया गया और घरों पर जमकर पथराव हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जानकारी के अनुसार, सिधवा गांव निवासी तेजस्वी पुत्र श्याम सुंदर का गांव के ही सुहेब और उसके परिजनों से भूमि को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। रविवार शाम बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद यह विवाद गंभीर रूप ले गया। आरोप है कि सुहेब पक्ष के दर्जनों लोग लाठी-डंडे लेकर तेजस्वी के घर पहुंच गए और हमला कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित पक्ष के घर के दरवाजे और छत पर मौजूद लोगों पर नीचे से ईंट-पत्थर फेंके। पथराव इतना तेज था कि घर के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ लोग दरवाजा तोड़ने की कोशिश करते भी दिखे। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए छत पर मौजूद महिलाओं और बच्चों में दहशत फैल गई और वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने पथराव और मारपीट का वीडियो बना लिया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रामपुर कारखाना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस एहतियातन निगरानी बनाए हुए है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान नहीं हुआ, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *