किराना दुकान की आड़ में चाइनीज मांझा बेचता पकड़ाया दुकानदार:5,200 मीटर प्रतिबंधित मांझा जब्त; भोपाल पुलिस की कार्रवाई

भोपाल में चाइनीज मांझा की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध कारोबार जारी रखने वालों के खिलाफ अयोध्या नगर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने किराना दुकान की आड़ में चाइनीज मांझा बेच रहे एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा जब्त किया गया है। टीआई महेश लिल्हारे ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम चाइनीज मांझा के खिलाफ कार्रवाई के लिए क्षेत्र में भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इलाके में एक किराना दुकानदार अवैध रूप से चाइनीज मांझा का भंडारण और विक्रय कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी अपनी दुकान के बाहर कार्टन बॉक्स में पतंगों के साथ चाइनीज मांझा बेचते हुए मिला। पुलिस ने मौके से एक बड़ा रोलर, जिसमें लगभग 1,000 मीटर चाइनीज मांझा था, चार मध्यम रोलर जिनमें प्रत्येक में 500 मीटर मांझा, प्लास्टिक की पन्नी में रखे 11 पैकेट चाइनीज मांझा और प्रत्येक पैकेट में करीब 200 मीटर मांझा जब्त किया। इस तरह कुल लगभग 5,200 मीटर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी की पहचान अजय यादव, पिता सुंदरलाल यादव (50), निवासी दुर्गेश विहार, थाना अयोध्या नगर के रूप में हुई है। आरोपी अपनी किराना दुकान से चाइनीज मांझा बेच रहा था। पुलिस आयुक्त के प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *