धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी स्थित मल्लार कोचा से अपहृत नाबालिग भाई-बहन का सुराग सोमवार को भी पुलिस को नहीं मिला। अपहृत भाई-बहन का सुराग पाने के लिए रांची पुलिस ने अब एनजीओ व चाईल्ड वेलफेयर एक्टिविस्ट से मदद मांगी है। एसएसपी ने सिटी एसपी व ग्रामीण एसपी के साथ मिलकर नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी द्वारा संचालित ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ संगठन के अलावा एवीए फाउंडेशन के स्टेट को ऑर्डिनेटर ब्रजेश मिश्रा और चाईल्ड वेलफेयर एक्टिविस्ट राहुल मेहता से संपर्क कर मदद करने की अपील की है। रांची पुलिस की टीम ने छोटानागपुर सांस्कृतिक संगठन की सच्ची कुमारी और पैन इंडिया स्तर पर 20 राज्यों में 439 जिलों के एनजीओ कार्यकर्ताओं व चाईल्ड वेलफेयर एक्टिविस्ट से भी संपर्क किया है। इधर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 51 हजार से 2 लाख कर दिया है। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। पुलिस को 3 दिन का अल्टीमेटम अंश-अंशिका बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले मौसीबाड़ी में बैठक कर आगे की रणनीति तय की गई है। राजद नेता कैलाश यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि 15 फरवरी तक अगर बच्चे की कुशल बरामदगी नहीं होती है तो बड़ा आंदोलन होगा। पीड़ित परिजनों से मिलीं अन्नपूर्णा देवी केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी सोमवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंची आैर मामले की जानकारी ली। मंत्री ने फोन पर ही डीजीपी तदाशा मिश्रा से बात की आैर पीड़ित मां की भी बात कराई ताकि त्वरित कार्रवाई कर बच्चे बरामद किए जा सकें। झालसा अपने नेटवर्क से करेगी बच्चों की तलाश झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की पहल पर झालसा ने खुद के नेटवर्क से अपहृत बच्चे की तलाश करने का फैसला लिया है। न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने झालसा के सदस्य सचिव को निर्देश दिया है कि वह राज्य अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं देश के समस्त राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्रदान करने का अनुरोध करें। न्यायमूर्ति ने यह भी कहा है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं जमीनी स्तर पर कार्यरत पैरा लीगल वॉलंटियर्स के माध्यम से उनकी पहुंच देश के प्रत्येक जिले में है। मामले में एडीजी मनोज कौशिक ने एसएसपी अॉफिस में समीक्षा बैठक की। एसएसपी राकेश रंजन व ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर समेत 4 आईपीएस अधिकारियों के साथ की गई इस समीक्षा बैठक में एडीजी ने एक-एक बिंदुओं पर गहनता से जानकारी ली। एसआईटी में शामिल सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर व दरोगा के अलावा टेक्निकल टीम के कर्मी भी बैठक में मौजूद रहे। एडीजी ने की समीक्षा बैठक


