भास्कर न्यूज| धालभूमगढ़ नलधुआ गांव में प्रस्तावित सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे गड्ढा खुदाई कर छोड़ देने से ग्रामीणों में रोष है। गड्ढा खुला रहने के कारण कभी भी बच्चे या बड़े दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा या सूचना को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि योजना स्थल पर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि यह कार्य किस योजना के तहत, कितनी लागत से और कब तक पूरा किया जाना है। कुछ दिन पहले ठेकेदार का एक व्यक्ति गांव आया था और सामुदायिक भवन निर्माण की बात कहकर सड़क किनारे फाउंडेशन की खुदाई करवा दी, लेकिन उसके बाद से काम पूरी तरह ठप है। इस संबंध में ग्रामीण प्रधान मुर्मू, श्याम चरण मुर्मू, गोवर्धन हांसदा, रामसई बास्के, मदन हांसदा, धनाई मुर्मू, रविंद्र मुर्मू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो सुरक्षा को देखते हुए सड़क किनारे बने गड्ढे को मिट्टी से भर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि या तो शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, अन्यथा गड्ढे को भरवाकर दुर्घटना की आशंका को खत्म किया जाए।


