बोकारो | बोकारो जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सोमवार को जेएससीए अंतर जिला अंडर 19 प्लेट ग्रुप बीएन सिंह ट्रॉफी में सुपर लीग का अंतिम मैच खेला गया। सेक्टर-3 स्थित ट्रेनीज हॉस्टल ग्राउंड में खेले गए मैच में गढ़वा ने अर्पित कुमार गिरि के शानदार नाबाद शतक व पवन कुमार के अर्धशतक की मदद से दुमका को 96 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गढ़वा ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 301 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। इसमें अर्पित ने 138 गेंदों का सामना कर 18 चौकों एवं एक छक्के की मदद से नाबाद 150, पवन कुमार ने 58 व आयुष कुमार ने 29 रन बनाए। गेंदबाजी में दुमका के दीपक राज ने 43 रन देकर चार विकेट लिए। जबकि चैतन्य बीर, रविंद्र कुमार साह एवं देवराज गुप्ता को एक-एक सफलता मिली। जवाबी पारी खेलने उतरी दुमका की टीम 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 205 रन ही बना पाई। इसमें राजेंद्र राय ने 59, विभु ने नाबाद 42 एवं रविंद्र कुमार साह ने नाबाद 23 रन बनाए। गेंदबाजी में गढ़वा के यशराज ने 39 रन देकर दो विकेट, जबकि निशांत कुमार, अर्पित गिरी, अभिराज कुमार, हर्षित कुमार एवं अंकित राज को एक-एक सफलता मिली। शानदार शतक के लिए गढ़वा के अर्पित को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया।


