चंदनकियारी | राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर चंदनकियारी स्थित अटल स्मृति विवेकानंद पार्क में सोमवार को चंदनकियारी के पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने विवेकानंद के विचारों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। कहा कि स्वामी विवेकानंद ने गुलामी के दौर में भारतीय समाज के सुसुप्त स्वाभिमान को जागृत किया। उन्होंने युवाओं को भारत की संस्कृति, सभ्यता और आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराते हुए राष्ट्र के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनके विचारों और नैतिक मूल्यों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। जिन आदर्शों और मूल्यों के सहारे भारत ने स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी, आज उन्हीं विचारों को आत्मसात कर देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वामी विवेकानंद के प्रेरक विचारों को जीवन में उतारते हुए भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं, इससे देश प्रगति के पथ पर निरंतर बढ़ रहा है। कहा कि पत्रकारों के खिलाफ अपमानजनक बयान देना मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।


