बांग्लादेश के दक्षिणी हिस्से चटगांव डिविजन के फेनी जिले में रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने 28 साल के हिंदू युवक समीर कुमार दास की चाकू मारकर हत्या कर दी और उसका ऑटोरिक्शा भी लूट लिया। परिवार के मुताबिक, समीर रविवार शाम करीब 7 बजे ऑटोरिक्शा लेकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 2 बजे जगतपुर गांव के एक खेत में स्थानीय लोगों को उसका शव मिला। बांग्लादेश में 23 दिनों के दौरान हिंदू की हत्या की ये 7वीं घटना है। इससे पहले 5 जनवरी को बांग्लादेश के नरसिंदी जिले में एक हिंदू दुकानदार की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। मृतक 40 साल का शरत चक्रवर्ती मणि था। इलाज के अभाव में जेल में बंद हिंदू सिंगर की जान गई दूसरी ओर, बांग्लादेश की एक जेल में बंद हिंदू गायक और सांस्कृतिक कार्यकर्ता प्रोलॉय चाकी की इलाज के अभाव में मौत हो गई। उन्हें 11 जनवरी की रात करीब 9 बजे दिल के दौरा आया था। उन्हें राजशाही मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रोलॉय प्रसिद्ध सांस्कृतिक आयोजक और अभिनेता, दिवंगत लक्ष्मी दास चाकी के बेटे थे। प्रोलॉय प्रतिबंधित आवामी लीग के जिला सांस्कृतिक सचिव थे।


