दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी नगपुरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। घटना 10 जनवरी 2026 की शाम करीब 5.35 बजे नगपुरा चौक के पास हुई, जहां तेज व लापरवाही से चलाए जा रहे हाईवा ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक को सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तम ढीमर पिता जागेश्वर ढीमर, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम नारधा, थाना जामुल, जिला दुर्ग अपने दोस्तों के साथ जस गीत झांकी देखने नगपुरा आया था। शाम करीब 5.35 बजे झांकी देखने के बाद वह अपने घर लौटने के लिए मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 CL 8423) को मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ट्रक (क्रमांक CG 07 BU 7586) के चालक ने तेज और खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दोस्तों ने लाया अस्पताल डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और मृतक के साथ आए दोस्तों ने घायल उत्तम को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मर्ग जांच के दौरान चौकी नगपुरा पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी गवाहों और परिजनों से पूछताछ की। गवाहों ने बताया कि दुर्घटना हाईवा चालक की लापरवाही के कारण हुई। इसके बाद थाना पुलगांव में आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। हाईवा को पुलिस ने किया जब्त, चालक हिरासत में
पुलिस ने मृतक की मोटरसाइकिल और आरोपी हाईवा वाहन को जब्त कर नगपुरा पुलिस चौकी में रखवा दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक को हिरासत में ले लिया है। आगे विधिवत कार्यवाही की जा रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया था।


