भास्कर न्यूज | कवर्धा डड़सेना कलार समाज का रविवार को सरदार पटेल मैदान कवर्धा में प्रतिभा सम्मान और गौरव अवॉर्ड समारोह हुआ। यह कार्यक्रम समाज की नई पीढ़ी को मंच देने, उनके प्रयास को पहचान दिलाने और समाज में सामाजिक एकजुटता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। समारोह में समाज के हजार लोग शामिल हुए। इनमें युवा, वरिष्ठ समाजजन और आसपास के जिलों के लोग भी मौजूद थे। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कक्षा 10वीं और 12वीं के 63 मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया। समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 वरिष्ठ समाजजनों को डड़सेना गौरव अवॉर्ड से नवाजा गया। यह पुरस्कार समाज के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। समाज के जिलाध्यक्ष रूपेंद्र जायसवाल ने बताया कि यह आयोजन समाज के युवाओं और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए किया गया। तीन पीढ़ियां एक मंच पर नजर आईं: समारोह की शुरुआत पारिवारिक मिलन से हुई, जिसमें समाज की तीन पीढ़ियां एक साथ नजर आईं। इस अवसर पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। ताकि विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए समाज में नए रिश्तों की शुरुआत का अवसर मिल सके। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से समाज की परंपरा, संस्कृति और पहचान का प्रदर्शन भी किया गया। नई पीढ़ी को समाज सेवा के लिए किया प्रेरित कृषक कल्याण परिषद छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी विशिष्ट अतिथि रहे। उन्होंने समाज की नई पीढ़ी को देश और समाज की सेवा के लिए प्रेरित किया।


