बोकारो में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:पैदल जा रहे बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर, अस्पताल में हंगामा, बाइक चालक भी गंभीर

बोकारो जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान चमसोबाद निवासी करण चंद्र बाउरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, करण चंद्र बाउरी अपने निजी काम से पैदल जोधाडीह मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तीन लोगों को लेकर जा रही एक मोटरसाइकिल बेकाबू हो गई और सड़क किनारे चल रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल जानकारी के अनुसार, टक्कर काफी भीषण थी। करण चंद्र बाउरी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं मोटरसाइकिल चालक चीकू कुमार भी हादसे में बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना मुफस्सिल थाना को दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। सूचना मिलने पर मृतक के बेटे मुकेश बाउरी भी अस्पताल पहुंचे और पिता की हालत देखकर बेसुध हो गए। सदर अस्पताल में मौत, परिजनों का हंगामा सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद करण चंद्र बाउरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मोटरसाइकिल चालक चीकू कुमार की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। इसी दौरान मृतक के परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने घायल युवक को रेफर किए जाने से रोक दिया और आरोप लगाया कि बाइक चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना था कि जब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक चालक को बाहर भेजना गलत है। पुलिस जांच में जुटी, स्थिति रही तनावपूर्ण हंगामे की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद माहौल कुछ शांत हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मोटरसाइकिल चालक के नशे में होने के आरोप, दुर्घटना के कारणों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *