भास्कर न्यूज | अमृतसर राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एनआरएमयू वर्कशॉप शाखा की ओर से सोमवार को ‘युवा संवाद समारोह’ का करवाया गया। युवा संवाद समारोह को शाखा मंत्री राजीव कुमार शर्मा, शाखा अध्यक्ष कुलबीर सिंह, युवा संयोजक रोहित यादव, मनप्रीत सिंह और अवतार सिंह ने संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं को संगठन की मजबूती की रीढ़ बताते हुए उन्हें संघर्ष और एकजुटता के महत्व से अवगत कराया। शाखा सचिव कॉमरेड राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि उनसे प्रेरणा लेकर युवा संगठन, समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कॉमरेड राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों में यूपीएस को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है, ताकि सभी कर्मचारी संगठित होकर उचित मंचों पर अपनी मांगें मजबूती से रख सकें। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को एआईआरएफ/एनआरएमयू के महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा ने अमृतसर वर्कशॉप ब्रांच के मंच से स्पष्ट किया था कि गारंटीड पेंशन का रास्ता एआईआरएफ/एनआरएमयू द्वारा प्रशस्त किया जा चुका है। आगे संगठन कर्मचारियों के 10 प्रतिशत अंशदान को घटाकर 5 प्रतिशत करवाने तथा भविष्य में इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए भी संघर्ष जारी रखेगा।


