रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित बियर बार में युवती के सिर पर उसके साथी ने बियर की बाेतल से हमला कर दिया। घटना के बाद युवती की मौत हो गई तो परिजनों ने थाना का घेराव करके आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। युवती की मौत के बाद आरोपी के खिलाफ धारा बढ़ाने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है। मृतिका का नाम पुलिस द्वारा वेदिका सागर और आरोपी का नाम टी. सुनील राव उर्फ शीनू बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला रायपुर के गीता नगर इलाके में रहने वाली वेदिका सागर 21 दिसंबर को अपने परिचित टी. सुनील राव उर्फ शीनू बार गई हुई थी। बार में दोपहर तीन बजे वेदिका और शीनू का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान शीनू ने पहले सीने में थप्पड़ मारा और फिर सिर में तीन बार बोतल मारकर जमीन में गिरा दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। बार संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को उपचार के लिए भर्ती कराया। परिजनों की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने जेल दाखिल करवा दिया। 23 दिन बाद सोमवार को युवती की मौत हो गई, तो परिजन मंगलवार को थाना पहुंचे और नारेबाजी करके आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज करने की मांग की है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा सीएसपी आजाद चौक ईशू अग्रवाल ने बताया, कि 21 दिसंबर को आरोपी ने बार में घटना को अंजाम दिया था। घायल युवती के परिजनों की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। युवती की मौत होने के बाद परिजन आज थाना आए थे। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ धारा बढ़ाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


