नुनहेरा गांव में जलभराव से स्कूल का रास्ता बंद:खेतों से जोखिम उठाकर स्कूल जा रहे बच्चे, कलेक्टर को ज्ञापन

धौलपुर के सैंपऊ उपखंड स्थित नुनहेरा गांव में पिछले 5 साल से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसके कारण राजकीय विद्यालय जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। स्कूली बच्चों को अब खेतों की पगडंडियों से होकर जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है। ग्रामवासियों ने बताया कि स्कूल के पास भारी जलभराव के कारण अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से कतराने लगे हैं। गंदगी और पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। कई बार जानवर पानी में गिरकर मर चुके हैं, जिनकी सड़ने की दुर्गंध विद्यालय तक पहुंचती है। इससे बच्चों और शिक्षकों को पढ़ाई और अध्यापन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर करन परमार के नेतृत्व में ग्राम पंचायत के युवा साथी आकाश परमार, आंसू परमार, ऋषि परमार, अनूप, उदय सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर धौलपुर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कलेक्टर को पूरी स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में गांव द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कलेक्टर महोदय ने ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *