अमृतसर | इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश बस्सी ने हलका पूर्वी में वार्ड नंबर-32 के निवासियों के साथ लोहड़ी का त्योहार मनाया। यह समारोह वार्ड नंबर-32 के इंचार्ज राजबीर सिंह राजू की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर दिनेश बस्सी ने कहा कि लोहड़ी केवल आग के चारों ओर परिक्रमा करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह किसानों की मेहनत, आपसी भाईचारे और समृद्ध पंजाबी संस्कृति की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब किसान खेतों में पसीना बहाता है, तभी खुशहाली का बीज अंकुरित होता है। लोहड़ी मेहनत, संघर्ष और समर्पण का सम्मान करने का पर्व है। बस्सी ने कहा कि आज के दौर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के बीच लोहड़ी की अग्नि हमें एकजुट होकर इन चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देती है।


