मुंगेली जिले में धान की अवैध ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुन्दन कुमार और SP भोजराम पटेल ने उपलेटा राइस मिल का सघन निरीक्षण किया, जिसके बाद मिल को तत्काल सील कर दिया गया। इस दौरान धान परिवहन में संलिप्त 9 वाहनों को भी जब्त किया गया है। राज्य शासन से प्राप्त अलर्ट और मुख्य सचिव की बैठक के बाद यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर-SP ने उपलेटा और वर्धमान राइस मिलों के साथ-साथ उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपलेटा राइस मिल में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। लगातार शिकायत के बाद कार्रवाई कलेक्टर ने बताया कि जिले की राइस मिलों और सहकारी समितियों में धान की ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उपलेटा की चार राइस मिलों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में राइस मिल की पीछे की बाउंड्रीवाल टूटी हुई मिली, जिससे बाहरी धान को अवैध रूप से खपाने की आशंका जताई गई। कलेक्टर ने कड़ी वैधानिक कार्रवाई की बात कही जांच में यह भी सामने आया कि कस्टम मिलिंग के नाम पर प्राइवेट मिलिंग की जा रही थी। इसके अतिरिक्त, विभिन्न फर्मों के बीच कोई अधिकृत एंट्री-एग्जिट गेट नहीं था, जिससे एक फर्म का चावल दूसरी फर्म में अवैध रूप से खपाया जा रहा था। राज्य से मिले अलर्ट में जिस वाहन में धान के मूवमेंट की जानकारी थी, वह भी राइस मिल परिसर में पाया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और धान रिसायक्लिंग से जुड़े एक सुनियोजित नेटवर्क की संभावना सामने आई है। वर्धमान राइस मिल की जांच अभी जारी है, और उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा में बिना जीपीएस वाले वाहन से धान के उठाव की भी जांच की जा रही है। पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद संबंधित राइस मिल संचालकों, फर्मों और संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


