हनुमानगढ़ में हेरोइन तस्करी के आरोप में 2 युवक गिरफ्तार:48.37 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस ने जिले में दो अलग-अलग कार्रवाई में हेरोइन तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 48.37 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं और आगे की जांच जारी है। पहली कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में हुई। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 29.52 ग्राम अवैध हेरोइन मिली। आरोपी की पहचान सिरसा जिले के चौटाला निवासी धर्मवीर उर्फ धर्मा (20) के रूप में हुई। इसी तरह, नोहर थाना पुलिस ने भी गश्त के दौरान एक अन्य संदिग्ध युवक को रोका। उसकी तलाशी में 18.85 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान नोहर निवासी वेदप्रकाश (28) के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपियों से हेरोइन की खरीद-फरोख्त, इसके सप्लायर और संभावित खरीदारों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। प्रारंभिक जांच में इस तस्करी नेटवर्क के तार अंतरराज्यीय गिरोहों से जुड़े होने की संभावना भी जताई जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *