गंगापुर सिटी के गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल तालाब की ढाणी, हिंगोटिया ब्लॉक में स्कूल परिसर में ‘मीट’ बनाने का सामने आने के बाद विभाग ने हेडमास्टर को अमर सिंह मीणा को सस्पेंड कर दिया है। शिक्षा विभाग ने एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी भी गठित की है। यह कार्रवाई सवाई माधोपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा देवीलाल मीणा ने की। जारी आदेश के अनुसार राजस्थान सिविल सेवा नियम-1958 के तहत निलंबन अवधि में अमर सिंह मीणा का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा सवाई माधोपुर निर्धारित किया गया है। वीडियो में गंगापुर सिटी के हिंगोटिया ब्लॉक स्थित तालाब की ढाणी के गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में हेडमास्टर अमर सिंह मीणा कथित तौर पर शराब के नशे में दिखाई दिया। वीडियो में स्कूल समय के दौरान स्कूल की छुट्टी कर दी गई थी और सभी कक्षाओं पर ताले लगे थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई। मौके पर एक रसोईया द्वारा चूल्हे पर रोटी और गैस चूल्हे पर मीट पकाया जा रहा था। यह घटना नियमों का उल्लंघन और बच्चों की शिक्षा के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाती है। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस स्थिति पर आपत्ति जताई, जिसके बाद यह मामला सामने आया। उन्होंने शिक्षा विभाग से तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों के कारण सरकारी स्कूलों की छवि प्रभावित होती है। वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में हेडमास्टर की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर सस्पेंड कर दिया। मामले की विस्तृत जांच के लिए शिक्षा विभाग ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया। इसमें विजय सांखला, प्रधानाध्यापक हिंगोटिया, जितेंद्र लोढ़ा, प्रधानाध्यापक महात्मा गांधी राजकीय स्कूल सापेरा बस्ती और कपिल शर्मा, प्रधानाध्यापक रेती स्कूल को शामिल किया गया है। जांच कमेटी दूसरे दिन मंगलवार को स्कूल पहुंची और यहां पर निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीण संस्था प्रधान अमर सिंह, खाना बनाने वाले और अन्य लोगों से बात कर उनके बयान लिए। साथ ही साक्ष्य भी उठा जुटाए कमेटी अब जांच रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों के पास में भेजेगी।


