‘वीबी रामजी योजना में ग्रामीणों की बढ़ेगी आय’:गृह राज्यमंत्री बेढ़म बोले- अब 125 दिन मिलेगा रोजगार, पलायन रुकेगा

करौली में मंगलवार को जिला प्रभारी और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने ‘वीबी रामजी’, ‘एक जिला-एक उत्पाद’ और ‘पंच गौरव’ योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री बेढम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशहर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि ‘वीबी रामजी’ अधिनियम के तहत अब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को हर साल न्यूनतम 125 दिनों का मजदूरी रोजगार मिलेगा। पहले यह सीमा 100 दिन थी, जिसे 25 प्रतिशत बढ़ाया गया है। इससे ग्रामीण आय में वृद्धि होगी और रोजगार के लिए शहरों की ओर होने वाला पलायन रुकेगा। ‘लोगों को विकास की मुख्यधा’रा से सीधे जोड़ना है’
मंत्री बेढम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव, किसान, श्रमिक, युवा और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से सीधे जोड़ना है। उन्होंने बताया कि कृषि प्रधान राज्यों को ध्यान में रखते हुए बुवाई और कटाई के समय अधिकतम 60 दिनों के अस्थायी विराम का प्रावधान किया गया है, ताकि खेतों में श्रमिकों की उपलब्धता बनी रहे। मजदूरी भुगतान साप्ताहिक या अधिकतम 15 दिनों में अनिवार्य किया गया है और देरी होने पर श्रमिक को मुआवजा देना कानूनी बाध्यता होगी। रोजगार आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, बायोमेट्रिक पहचान और ग्राम सभा की सामाजिक लेखा परीक्षा से फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। 15 दिनों में काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता भी अनिवार्य होगा। ‘पंच गौरव’ योजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में ‘पंच गौरव’ योजनाओं के तहत जिले की प्रगति भी प्रस्तुत की गई। ‘खेल गौरव’ के अंतर्गत 94.50 लाख रुपए से खेल अधोसंरचना, हाईमास्ट लाइट और प्रशिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। ‘उद्योग गौरव’ के तहत सैंडस्टोन आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 40 लाख रुपए और बायर-सेलर मीट व स्टोन मार्ट जैसी पहलें शामिल हैं। ‘कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा’
इधर मंत्री बेढम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रामजी के नाम पर कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है, जबकि किसी और को कोई परेशानी नहीं है।
मंत्री ने कहा कि वीबी रामजी से ग्रामीण क्षेत्रों की सूरत बदलेगी और ऑनलाइन प्रक्रियाओं से पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा में सुधार से नहीं, बल्कि “रामजी” नाम से विपक्ष को आपत्ति है।
बैठक में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा, कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, एसपी लोकेश सोनवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के बाद मंत्री ने मीडिया से भी संवाद किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *