मकर संक्रांति को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। इस बार पतंगबाजी में केवल पेंच ही नहीं लड़ेंगे, बल्कि आसमान में देशभक्ति के संदेश भी लहराएंगे। गांधी मूर्ति क्षेत्र के पतंग व्यापारियों के पास इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर आधारित विशेष पतंगे आई हैं, जो ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। ऑपरेशन सिंदूर की पतंगें बाजार में आई इन नई पतंगों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर: भारत का पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब’ जैसे स्लोगन लिखे हुए हैं। इसके अलावा भारतीय सेना और तिरंगे के रंगों वाली पतंगे भी खूब पसंद की जा रही हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस बार लोग साधारण पतंगों की तुलना में इन खास संदेशों वाली पतंगों की ज्यादा मांग कर रहे हैं। बाजार में बढ़ने लगी रौनक गांधी मूर्ति क्षेत्र के पतंग व्यापारी सोनू भाई ने बताया कि बाजार में इन नई वैराइटी की पतंगों को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। युवाओं के बीच ‘ऑपरेशन सिंदूर’ वाली पतंगों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से भी लोग इन खास पतंगों को खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि संक्रांति तक इन पतंगों की मांग और बढ़ेगी।


