तेलीबांधा इलाके में हुई हत्या और लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने आज तेलीबांधा थाने के सामने प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन इन्हें रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। उनका कहना है कि आम लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं, जबकि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हत्या के बाद उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल कांग्रेस का यह प्रदर्शन रविवार देर रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के श्याम नगर में हुई जघन्य हत्या की घटना के विरोध में किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लूट, चोरी, मारपीट, छेड़छाड़ और हत्या जैसी घटनाओं से रायपुर अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। नशे का कारोबार चरम पर है और युवा नशे की चपेट में आकर बर्बाद हो रहे हैं। अपराधी गैंगवार कर रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन उन्हें रोकने में असफल साबित हो रहा है। हर थाने के बाहर होगा प्रदर्शन शहर कांग्रेस ने साफ ऐलान किया है कि अब जिस भी थाना क्षेत्र में गंभीर और जघन्य आपराधिक घटना होगी, कांग्रेस कार्यकर्ता उसी थाने के बाहर प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन पुलिस प्रशासन को जगाने और राजधानी में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि अपराधों पर लगाम नहीं लगी, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


