टीकमगढ़ में रविवार को युवाओं में ऑनलाइन मोबाइल गेमिंग के बढ़ते दुष्प्रभाव विषय को लेकर ड्राइंग कॉम्पिटिशन का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न स्कूलों के करीब 1 हजार बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग उम्र के हिसाब से बच्चों को चार भागों में बांटकर कॉम्पिटिशन कराया गया। प्रतियोगिता की आयोजक पूनम जायसवाल ने बताया कि शहर के सिविल लाइन रोड स्थित शहनाई गार्डन में वी क्लब उन्नति और वैश्य फेडरेशन के सहयोग से पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया। साथ ही बच्चों के लिए आनंद मेला लगाया गया। वर्तमान समय में बच्चों में ऑनलाइन मोबाइल गेमिंग की लत बढ़ती जा रही है। इस विषय को लेकर बच्चों के अलग-अलग ग्रुप बनाकर पेंटिंग प्रतियोगिता कराई गई। दिए गए विषय को लेकर बच्चों ने एक से बढ़कर एक पेंटिंग बनाई। कार्यक्रम में विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने बच्चों के लिए आयोजित की गई पेंटिंग प्रतियोगिता की सराहना की। इस दौरान लकी ड्रॉ निकालकर बच्चों को पुरस्कार बांटे गए। इस मौके पर वी क्लब उन्नति की सदस्य नीतू द्विवेदी, मालती तिवारी, शशि खंडेलवाल, वैश्य फेडरेशन के अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल, राकेश सोनी सहित समाजसेवी मौजूद रहे। शाम 6 होगा प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन वी क्लब उन्नति की सदस्य नीतू द्विवेदी ने बताया कि प्रतिभागियों की अलग-अलग कैटेगरी बनाई गई थी। जिसमें बच्चों को ए, बी, सी, डी चार भागों में बांटा गया। सभी बच्चों की पेंटिंग का अवलोकन करने के बाद शाम 6 बजे पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम रखा गया है।


