रक्तदान शिविर के पोस्टर का विमोचन:मकर संक्रांति पर ब्यावर में होगा आयोजन, लोगों से भाग लेकर पुण्य अर्जित करने की अपील

मानव सेवा संकल्प द्वारा मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी 2026 को 12वें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला कलेक्टर कमलराम मीणा ने शिविर के आकर्षक पोस्टर का विमोचन किया और इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहने की सहमति दी। पोस्टर विमोचन के दौरान जिला कलेक्टर कमलराम मीणा ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति नई ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक है और रक्तदान भी जीवन को नई शुरुआत देता है। एक स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान तीन लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने सभी ब्यावरवासियों से फतेहपुरिया बगीची में आयोजित इस शिविर में भाग लेकर पुण्य अर्जित करने की अपील की। संस्था के प्रणेता एडवोकेट अजय शर्मा ने मानव सेवा संकल्प की सेवा यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था कई वर्षों से सामाजिक सेवा में सक्रिय है और अब तक 11 सफल रक्तदान शिविरों के माध्यम से हजारों यूनिट रक्त एकत्र कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया गया है। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, वृद्धाश्रम सहायता और आपदा राहत जैसे कार्यों में भी योगदान दे रही है। शिविर संयोजक मुकेश गर्ग ने बताया कि शिविर की सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। रक्तदाताओं की सुविधा के लिए प्रशिक्षित चिकित्साकर्मी, स्वयंसेवक दल, आधुनिक रक्त संग्रहण उपकरण, पेयजल और स्वच्छता-सुरक्षा की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संयोजक दीपक रांकावत ने जानकारी दी कि स्कूल-कॉलेजों, महिला समूहों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया है। उन्होंने आमजन से सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक फतेहपुरिया बगीची पहुँचकर रक्तदान करने और जीवनदान का पुण्य प्राप्त करने की अपील की। इस अवसर पर ओमप्रकाश गर्ग, विजय तंवर, अजय गोयल और अभिषेक जैन सहित संस्था के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *