सतना में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, निकाला जुलूस:अगस्त 2025 से भुगतान लंबित; बोलीं-आयुष्मान कार्ड बनाने को मजबूर कर रहे अधिकारी

सतना में आशा कार्यकर्ता और आशा सुपरवाइजरों ने लंबित भुगतान को लेकर मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसके बाद वे जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचीं और एसडीएम राहुल सिलाडिया को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया। प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिले की सभी आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइजरों का भुगतान अगस्त 2025 से लंबित है। इस कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से पूछने पर सॉफ्टवेयर अपडेट का हवाला दिया जाता है, जबकि अन्य जिलों में नवंबर माह तक का भुगतान हो चुका है। अधिकारी और कर्मचारी अनावश्यक दबाव बना रहे हैं आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अनावश्यक दबाव बनाते हैं। विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर लगातार दबाव डाला जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनमें से कई कम शिक्षित हैं, उन्हें कंप्यूटर का ज्ञान नहीं है और उनके पास एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी नहीं हैं, जिससे वे यह कार्य करने में असमर्थ हैं। प्रदर्शनकारियों ने जानकारी दी कि उन्होंने 24 दिसंबर 2025 को सीएमएचओ और कलेक्टर को लंबित भुगतान के संबंध में आवेदन दिया था। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। केवल आशा कार्यकर्ताओं को आंशिक रूप से छह-छह हजार रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि आशा सुपरवाइजरों को एक रुपये का भी भुगतान नहीं मिला है। भुगतान नहीं किया तो आंदोजन तेज होगा ज्ञापन के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं ने दिसंबर माह तक का संपूर्ण भुगतान शीघ्र करने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की कि भविष्य में हर माह समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को विवश होंगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने ज्ञापन प्राप्त किया और आशा कार्यकर्ताओं को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *