इन दिनों बाजारों में “ऑपरेशन सिंदूर” नाम से बिक रही पतंगों की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है। देशभक्ति से जुड़ा यह नाम लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है। इसके चलते पतंग विक्रेताओं की बिक्री में तेजी आई है। दुकानदारों के अनुसार ज्यादातर बच्चों से लेकर युवाओं में इन पतंगों को लेकर उत्साह है। पतंगों पर लिखे देशभक्ति नारे, तिरंगे के रंग और “ऑपरेशन सिंदूर” का नाम लोगों की भावनाओं से जुड़ रहा है। टोंक शहर के रघु विजय, लक्ष विजय ने बताया कि ऐसे नामों और प्रतीकों से देश के प्रति गर्व की भावना और मजबूत होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को सबक सिखाया है, वह देश के लिए गर्व की बात है। इस बार ऑपरेशन सिंदूर वाले पतंग काफी प्रभावित कर रहे है। खासकर युवा वर्ग इस तरह की पतंगों को उड़ाकर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा है। पतंग विक्रेता कमल विजय का कहना है कि इस बार ऑपरेशन सिंदूर पतंगों की बिक्री सामान्य पतंगों की तुलना में कहीं अधिक हो रही है, जिससे उनका व्यापार भी अच्छा चल रहा है। इस बार दोगुनी बिक्री हो रही है। कुल मिलाकर, ऑपरेशन सिंदूर के नाम से जुड़ी पतंगें न केवल बाजार में रंग भर रही हैं, बल्कि लोगों के दिलों में भी देशभक्ति का उत्साह जगा रही हैं।


