सीधी जिले की बैगा जनजाति की छात्रा अनामिका बैगा को नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी के लिए भोपाल स्थित ज्ञान शिखर एकेडमी में प्रवेश मिल गया है। यह अवसर उन्हें डॉक्टर बनने के अपने सपने को पूरा करने में मदद करेगा। मंगलवार को अनामिका को औपचारिक रूप से प्रवेश संबंधी पत्र सौंपा गया। इस दौरान उनकी बात फोन पर एकेडमी के संचालक अनिरुद्ध सिंह तोमर से भी कराई गई। अब उन्हें जल्द ही भोपाल रवाना करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अनामिका बैगा सीधी जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम देवमढ़ की निवासी हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा था। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण जिला प्रशासन से निःशुल्क या सहयोगी कोचिंग की मांग की थी। जिला प्रशासन ने अनामिका की इस मांग को गंभीरता से लिया। उन्होंने भोपाल की प्रतिष्ठित ज्ञान शिखर एकेडमी से समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप अनामिका को वहां प्रवेश दिलाया गया। इस संबंध में सीधी जिले के जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि, “अनामिका बैगा एक प्रतिभाशाली छात्रा हैं और उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर नीट की तैयारी के लिए सहयोग मांगा था। जिला प्रशासन का प्रयास है कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को भी समान अवसर मिलें। ज्ञान शिखर एकेडमी भोपाल में उनका एडमिशन कराया गया है और आगे भी हर संभव सहयोग दिया जाएगा।”


