यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार, 16 दिसंबर से शुरू हो रहा है। इस दौरान 10 अहम अध्यादेश पेश किए जाएंगे। इसकी मंजूरी कार्य मंत्र समिति की बैठक में दी गई है।विधानमंडल का सत्र सिर्फ 4 दिन का होगा। यानी 19 दिसंबर तक चलेगा। इधर, सत्र के दौरान सपा-कांग्रेस बहराइच दंगे और संभल हिंसा पर सरकार को घेरेगी। वहीं, उपचुनाव में मिली भारी जीत के बाद योगी सरकार ‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे को बुलंद करते हुए विपक्ष पर हमलावर होगी। लोकसभा में राहुल गांधी और प्रियंका के यूपी को लेकर उठाए सवालों का सीएम योगी विधानसभा से जवाब दे सकते हैं। यह 10 अध्यादेश पेश किए जाएंगे… 1. उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय ( सातवां संशोधन ) अध्यादेश 2024
2. उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग संशोधन अध्यादेश 2024
3. उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग (संशोधन) अध्यादेश 2024
4. उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय आठवां (संशोधन) अध्यादेश 2024
5. उत्तर प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग (प्रक्रिया एवं विनियमन )(संशोधन) अध्यादेश 2024
6. उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय नौवां (संशोधन) अध्यक्ष 2024
7. उत्तर प्रदेश माल एवं सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश 2024
8. उत्तर प्रदेश नीति विश्वविद्यालय दसवां (संशोधन) अध्यादेश 2024
9. उत्तर प्रदेश राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश 2024
10. उत्तर प्रदेश माल एवं सेवा कर (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश 2024 अनुसूचित जाति जनजाति आयोग में अध्यक्ष और सदस्यों की आयु सीमा पहले 65 वर्ष निर्धारित थी। अध्यादेश में अब आयु सीमा की बाध्यता को समाप्त कर दिया गया। गौ सेवा आयोग में पहले सदस्यों की संख्या चार थी, अध्यादेश में उसे बढ़ाकर छह कर दिया गया है। सदन में उपचुनाव में मिली जीत का जश्न मनाएगा सत्तापक्ष यह सत्र भले ही शीतकाल में हो रहा है, लेकिन इसमें सदन के अंदर और बाहर राजनीतिक तापमान तेज रहेगा। उपचुनाव में मिली जीत का जश्न सत्तापक्ष सदन के अंदर भी मनाएगा। इसके जरिए मिशन- 2027 के लिए भी संदेश देगा। सत्तापक्ष की ओर से विपक्ष को तुष्टीकरण और पाकिस्तान परस्त लोगों की पैरवी के नाम पर भी घेरा जाएगा। सरकार प्रयागराज कुंभ, अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ सहित राष्ट्रवाद के अन्य मुद्दों से भी सदन से सड़क तक संदेश देगी। कई मुद्दों पर घेरेगा विपक्ष
विपक्ष सरकार को बहराइच दंगे, संभल हिंसा, मस्जिदों के सर्वे जैसे मुद्दों पर घेरेगा। सदन के अंदर भी उपचुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाएगा। वक्फ अधिनियम में संशोधन सहित अन्य मुद्दों पर भी सरकार का विरोध करेगा। उधर, कांग्रेस की ओर से 18 दिसंबर को विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा। विधानसभा में सपा विधायक दल के उपनेता कमाल अख्तर ने बताया- विधानमंडल सत्र लिए पार्टी रणनीति तैयार कर रही है। 15 दिसंबर को शाम 4 बजे सपा विधायकों की बैठक होगी। 17 दिसंबर को सुबह 10 बजे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने विधायकों के साथ पार्टी ऑफिस में बैठक करेंगे। सत्र के दौरान बिजली के निजीकरण, प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों के साथ जनता से जुड़े सभी अहम मुद्दों को उठाया जाएगा। संभल और बहराइच की घटनाओं का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाएंगे। भाजपा की विधानमंडल की बैठक आज
भाजपा विधानमंडल दल की बैठक रविवार शाम 6 बजे लोकभवन में होगी। इसमें सुभासपा, अपना दल (एस), निषाद पार्टी और रालोद के विधायक भी शामिल होंगे। बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ सदन के संचालन के लिए विधायकों को टिप्स देंगे। बैठक को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना भी संबोधित करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी की अध्यक्षता में रविवार दोपहर 12.30 बजे सर्वदलीय बैठक होगी। इसमें योगी सभी दलों के नेताओं से सदन को शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए सहयोगी की अपील करेंगे। वहीं, विपक्षी दलों की ओर से भी सदन का समय बढ़ाने सहित अन्य मांगें रखी जाएंगी। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, सुभासपा, रालोद, अपना दल (एस), निषाद पार्टी, कांग्रेस और जनसत्तादल लोकतांत्रिक के नेता शामिल होंगे। हरियाणा और महाराष्ट्र की जीत के बाद सत्तापक्ष उत्साहित
विधानसभा के मानसून सत्र में सत्तापक्ष पर लोकसभा चुनाव में मिली हार का असर साफ दिखा था। तब विपक्ष लोकसभा चुनाव में मिली जीत से उत्साहित था। लेकिन, हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत, जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में अपेक्षा से अधिक सीटें जीतने से सत्ता पक्ष का मनोबल बढ़ा है। यूपी में विधानसभा उपचुनाव में 9 में से 7 सीटें जीतने से सत्तापक्ष सदन में पहले से ज्यादा उत्साहित और मजबूत नजर आएगा। 18 दिसंबर को पेश होगा दूसरा अनुपूरक बजट
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 18 दिसंबर को विधानसभा वित्तीय वर्ष 2024-25 का दूसरा अनपूरक बजट पेश करेंगे। खन्ना ने 30 जुलाई को 12 हजार 909 करोड़ रुपए का पहला अनुपूरक बजट पेश किया था। इससे पहले 5 फरवरी, 2024 को 2024-25 के लिए 7 लाख 36 हजार 438 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था। दूसरा अनुपूरक बजट का आकार 20 हजार करोड़ से अधिक हो सकता है। सदन का जवाब सदन से देंगे योगी
वायनाड से नवनिर्वाचित कांग्रेस सांसद प्रियंका वाड्रा गांधी और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा के विशेष सत्र में यूपी की कानून व्यवस्था पर हमला बोला है। सूत्रों के मुताबिक, सीएम योगी विधानसभा सत्र को संबोधित करने के दौरान प्रियंका और राहुल के आरोपों का जवाब भी देंगे। बहन-भाई के आरोप का मजबूत जवाब देने के लिए उच्च स्तर पर मंथन किया जा रहा है। बढ़ी हुई नजर आएगी भाजपा की संख्या
विधानसभा में भाजपा की सदस्य संख्या इस बार बढ़ी हुई नजर आएगी। विधानसभा चुनाव- 2022 में भाजपा के 256 विधायक जीते थे। लेकिन, उपचुनाव के बाद अब सदन में भाजपा की संख्या 257 पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी के 107, अपना दल (एस) के 13, रालोद के 9, सुभासपा के 6, निषाद पार्टी के 5, कांग्रेस के 2, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2 और बसपा के एक विधायक हैं। अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट अभी खाली है। 10 विधेयक पेश होंगे
विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान 10 विधेयक पेश किए जाएंगे। इसमें उत्तर प्रदेश माल एवं सेवाकर अधिनियम 2017 में संशोधन का प्रस्ताव मंजूर किया जाएगा। इसके तहत व्यापारियों को 2017-18 से 2019-20 तक बकाया टैक्स अदा करने पर ब्याज और जुर्माने को सशर्त माफ किया जाएगा। वक्फ अधिनियम 1995 (यथा संशोधित 2013) के तहत उत्तर प्रदेश वक्फ नियमावली 2024 को मंजूरी दी जा सकती है। इसके तहत वक्फ का दावा 1952 तक दर्ज संपत्ति पर ही मान्य होगा। गो-सेवा संशोधित विधेयक सहित अन्य विधेयक और अध्यादेश पेश किए जाएंगे। महाकुंभ पर फोकस करेगी सरकार
वरिष्ठ पत्रकार आनंद राय मानते हैं, सरकार विधानसभा सत्र में प्रयागराज कुंभ 2025 पर ही फोकस करेगी। प्रयागराज कुंभ के लिए अनुपूरक बजट की मांग भी की जा सकती है। सरकार उपचुनाव की जीत को भी अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करेगी। वहीं, विपक्ष संभल में मस्जिद के सर्वे आदेश के बाद हुई हिंसा को मुद्दा बनाएगा। ——————————- यह खबर भी पढ़ें संभल में DM-SP ने 46 साल बाद मंदिर खुलवाया, खुद मूर्ति साफ की, जहां हिंसा में 4 मौत हुई, उसके करीब है मंदिर संभल में 46 साल से बंद पड़े भगवान शिव के मंदिर को शनिवार को अचानक खोला गया। बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी के दौरान डीएम-एसपी को यह मंदिर दिखा। दोनों ने गेट खुलवाया और अपने हाथों से सफाई की। यह मंदिर उस जामा मस्जिद से मात्र डेढ़ किमी दूर है, जहां पिछले दिनों बड़ी हिंसा हुई थी। पढ़िए पूरी खबर


