कपूरथला जिले के ढिलवां हाईवे पर घनी धुंध के कारण हुए एक सड़क हादसे में एम्बुलेंस ड्राइवर नरिंद्र सिंह की मौत हो गई। यह हादसा एक अज्ञात वाहन से एम्बुलेंस की टक्कर के बाद हुआ। मृतक की पहचान चंडीगढ़ के रहने वाले नरिंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरिंद्र सिंह देर रात चंडीगढ़ से अमृतसर एक मरीज को लेने एम्बुलेंस लेकर गए थे। वापसी के दौरान ढिलवां के पास हाईवे पर उनकी एम्बुलेंस की किसी दूसरे वाहन से टक्कर हो गई। इलाज के दौरान हुई मौत हादसे के बाद सड़क सुरक्षा टीम ने गंभीर रूप से घायल नरिंद्र सिंह को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही ढिलवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। शव परिजनों को सौंपा गया थाना ढिलवां के एसएचओ दलविंदर जीत सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है।जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक ड्राइवर के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के पिता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


