प्रदूषण फैलाने के मामले में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर के आरंग तहसील के भिलाई गांव में स्थित मेसर्स मोदी बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड पर नियमों के उल्लंघन के चलते उत्पादन बंद करा दिया गया और बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया। यह कार्रवाई खेतों और नालों में जहरीला पानी बहाए जाने की शिकायत के बाद की गई। शिकायत के बाद पर्यावरण विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने उद्योग का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि फैक्ट्री से गंदा पानी बाहर छोड़ा जा रहा था और हवा में भी प्रदूषण फैल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति गंभीर थी और नियमों का साफ तौर पर उल्लंघन हो रहा था। 14 नवंबर को मिला था नोटिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी 14 नवंबर 2025 को इसी मामले में उद्योग को नोटिस दिया गया था, लेकिन सुधार नहीं किया गया। बार-बार चेतावनी के बावजूद स्थिति नहीं सुधरने पर जल और वायु प्रदूषण नियंत्रण कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को बंद कराया गया। पर्यावरण संरक्षण मंडल ने साफ किया है कि सभी पर्यावरण नियमों का पालन किए बिना फैक्ट्री को दोबारा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आसपास के क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


