विदेश में रहने वाले रिश्तेदार का नाम लेकर फतेहाबाद जिले की महिला से छह लाख रुपए की ठगी करने का आरोपी पुलिस ने मध्य प्रदेश से पकड़ा है। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र के अहिरपुरा के विजय उनटवाल के रूप में हुई है। इससे पहले इसी मामले में एक आरोपी पहले काबू किया जा चुका है। कनाडा के भतीजे का लिया नाम साइबर क्राइम थाना प्रभारी राहुल देव ने बताया कि इस संबंध में एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि 31 अक्टूबर 2025 को एक व्यक्ति ने खुद को उसका भतीजा कनाडा के साहिल अरोड़ा बताकर पैसों की जरूरत होने का दावा किया। विश्वास में आकर उसने छह लाख रुपए गूगल-पे के माध्यम से आरोपी द्वारा बताए गए खाते में भेज दिए। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान विजय उनटवाल के रूप में हुई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना की एक टीम भोपाल जाकर आरोपी को पकड़ लाई है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस राहुल देव ने बताया कि इस संबंध में साइबर क्राइम थाना में 5 नवंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया था। मामले में आगामी जांच की जा रही है।


