नेशनल हाईवे पर मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में केमिकल तेल से भरे टैंकर ने अचानक ब्रेक लगाया, इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टैंकर का पूरा केमिकल तेल सड़क और नालियों में फैल गया, जिससे हाईवे पर फिसलन बढ़ गई और करीब एक घंटे से अधिक समय तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। घटना कुर्सीपार चौक के पास की बताई जा रही है। टैंकर रायपुर की ओर से दुर्ग की तरफ जा रहा था। अचानक सामने बाइक सवार आने पर चालक ने ब्रेक लगाया, तभी पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा केमिकल तेल सड़क पर बहने लगा। तेल फैलने से सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई, जिसके चलते एक-दो बाइक सवार और भी फिसलकर गिर गए। हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोट आई है। युवक के पैर में गंभीर चोट लगने और फैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को बुलाकर सड़क पर फैले केमिकल तेल को साफ कराया गया, ताकि किसी अन्य बड़े हादसे से बचा जा सके। मौके पर छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और लगातार ट्रैफिक बहाल करने के प्रयास किए जाते रहे। हादसे के चलते खुर्सीपार चरोदा तक नेशनल हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा धीरे-धीरे वाहनों को निकालकर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है। देर शाम तक ट्रैफिक सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।


