जिला कारागृह टोंक में हथियारों, मोबाइल फोन, सिगरेट, गुटखा आदि के साथ वीडियो बना कर वायरल करने के मामले में दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन्हें आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस अब इनसे हथियार समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री आदि को लेकर पूछताछ करेगी। देवली उनियारा विधानसभा क्षेत्र से उप चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ नरेश मीणा ने भी टोंक जेल में हथियार होने की कहकर उसकी जान को खतरा बताया था। इसके बाद उसे बूंदी जेल में शिफ्ट किया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज किया था सदर थाना प्रभारी जयमल ने बताया कि जिला कारागृह टोंक में शातिर अपराधी शादाब देशवाली, दीपक मेनारिया द्वारा कारागृह के भीतर मनोरंजन शाला में अवैध हथियार तथा मोबाइल फोन, गुटखा, सिगरेट आदि प्रतिबंधित सामग्री के साथ बनाते थे। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर डाल देते थे। पुलिस के ध्यान में आने के बाद गत साल कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 42 कारागार अधिनियम, 72 आईटी एक्ट व 3/25, 5/25 आर्म्स एक्ट मामला दर्ज किया गया। इसकी जांच सदर थाना प्रभारी को सौंपी गई थी। तीसरा साथी फेंकता था गुटखा जांच में सामने आया कि जेल में बंद रहे शातिर अपराधी शादाब देशवाली तथा दीपक मेनारिया को जेल के अंदर यह अवैध सामग्री बाहर से फैसल खान फेंकता था। उसके बाद दोनों जेल के भीतर हथियारों आदि प्रतिबंधित सामग्री के साथ वीडियो बना वायरल करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज शाम को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को एक दिन के रिमांड पर सौंपा है। तीनों आदतन अपराधी तीनों शातिर अपराधी है। आरोपी शादाब देशवाली पुरानी टोंक थाने का हिस्ट्रीशीटर होकर हत्या के आरोप में कारागृह में न्यायिक अभिरक्षा में चल रहा है। उसके खिलाफ पूर्व से कुल 6 मामले और विचाराधीन है। जिनमें चोरी, अवैध हथियार, नशीले पदार्थों के अलावा मारपीट, हत्या के प्रयास आदि के अपराध शामिल है। इसी तरह अभियुक्त दीपक मेनारिया भी पुलिस थाना सुखेर जिला उदयपुर का हिस्ट्रीशीटर होकर हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ विरुद्ध वर्ष 2016 से 2023 के बीच ही 25 प्रकरण विभिन्न थानों मे दर्ज हो रखे हैं। इसमें अवैध हथियार रखना, अपहरण, फिरौती, हत्या का प्रयास, राजकार्य मे बाधा, पुलिस पर फायरिंग जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी फैसल खान भी पुरानी टोंक थाना इलाके का आदतन अपराधी है जिसके विरुद्ध अवैध हथियार, मारपीट-झगड़े, अपहरण, हत्या के प्रयास आदि के कुल पांच प्रकरण विचाराधीन है।


